राष्ट्रपति ने की लता मंगेशकर से मुलाकात
देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रविवार को मुंबई में स्वर कोकिला लता मंगेशकर से उनके निवास स्थान पर जाकर मुलाकात की। राष्ट्रपति ने इस दौरान लता मंगेशकर से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल की। राष्ट्रपति महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को मुंबई पहुंचे थे। रविवार को उन्होंने राजभवन में भूमिगत बंकर का उद्घाटन किया। इसी दौरान उन्होंने समय निकालकर स्वर कोकिला लता मंगेशकर से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने इस मुलाकात की खबर ट्वीवटर पर शेयर की। उन्होंने लिखा कि लता मंगेशकरजी से उनके निवास पर मिलकर प्रसन्नता हुई। उनके स्वस्थ जीवन के लिए मैंने उन्हें शुभकामनाएं दीं। लताजी भारत का गौरव हैं। उनके मर्मस्पर्शी गीत हमारे जीवन में मधुरता घोलते रहे हैं। उनकी प्रेरणादायी सादगी और सौख्यता हम सबको प्रभावित करती रही है। राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद लता मंगेशकर ने भी ट्वीटर पर अपनी भावना व्यक्त की। स्वर कोकिला ने लिखा कि देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद हमारे घर पधारे। घर में मेरी उनसे मुलाकात हुई। इससे मुझे बेहद प्रसन्नता हुई। सर मैं आभारी हूं। आपने हमें गौरवान्वित किया।
