गुरुग्राम का कुख्यात गैंगस्टर कौशल दुबई से गिरफ्तार, विकास चौधरी हत्याकांड में था शामिल
गुरुग्राम में रंगदारी और मर्डर के लिए आतंक का पर्याय बन चुके कुख्यात गैंगस्टर कौशल पुलिस ने दुबई में पकड़े जाने की खबर है। वह नाम बदलकर यहां रह रहा था। हालांकि, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि पिछले 25 दिन से फरीदाबाद और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कौशल के पीछे लगी हुई थीं।
बीते दिनों फरीदाबाद में हरियाणा कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की बीच सड़क पर गोलियों से भूनकर हत्या किए जाने के बाद गैंगस्टर कौशल और उसके गैंग का नाम सामने सुर्खियों में आया था। इसके अलावा वह प्रदेश के बड़े व्यापारियों और रसूखदार लोगों से रंगदारी वसूलता था।
कौशल ने एक हफ्ते पहले गुरुग्राम के बेकरी कारोबारी से व्हाट्सऐप मैसेज के जरिये 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। मूलरूप से गुरुग्राम जिले के नाहरसिंह रूपा गांव निवासी कौशल के खिलाफ न्यू कॉलोनी थाने में नौ अगस्त को इस संदर्भ में केस दर्ज हुआ था। इसके अलावा कौशल के ऊपर गुरुग्राम में दर्जनों मामले दर्ज हैं।
गौरतलब है कि इसी साल बीते 27 जून 2019 की सुबह कार सवार बदमाशों ने फरीदाबाद के सेक्टर-9 हुडा मार्केट स्थित जिम के बाहर हरियाणा कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने इस हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने के लिए पांच टीमें बनाई थीं। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की हत्या गुरुग्राम के गैंगस्टर कौशल गैंग ने की थी।
क्राइम ब्रांच ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए गैंगस्टर कौशल की पत्नी रोशनी व उसके नौकर नरेश उर्फ चांद को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया था। हत्या एक करोड़ रुपये के लेन-देन को लेकर की गई थी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी ग्रेटर फरीदाबाद से बरामद कर लिया था।