जमीन विवाद पर युवक ने अपने चचेरे भाई उतारा मौत के घाट

सतना जिले के अमरपाटन थाना अंतर्गत चोरहटा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक ने एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर अपने चचेरे भाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद मामले को अपहरण का रंग देने के लिए आरोपियों ने मृतक के पिता को फोन कर 10 लाख रूपये की फिरौती की मांग की ताकि पुलिस को गुमराह कर सके। हालांकि, पुलिस ने संदेह होने पर जब उसे गिरफ्तार किया तो उसने हत्या करना कबूल लिया।
सतना जिले के पुलिस अधीक्षक रियाज इकबाल ने रविवार को बताया, ''परिवार में चल रहे जमीन विवाद के चलते मुख्य आरोपी लल्ले प्रजापति (20) ने अपने साथी हरि लाल (25) के साथ मिलकर अपने 13 वर्षीय चचेर भाई विकास प्रजापति की शुक्रवार को हत्या कर दी।
उन्होंने कहा कि लल्ले को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार हरि लाल को पकड़ने के प्रयास जारी है। इकबाल ने बताया कि दोनों आरोपी विकास को घुमाने के बहाने मोटरसाइकिल पर बिठाकर शुक्रवार को चोरहटा गांव से बंशीपुर ले गये और वहां उसके हाथ-पैर बांधकर एक पुराने किले स्थित कुएं में फेंक दिया। गिरफ्तार किये गये आरोपी लल्ले की निशानदेही पर कुएं से शव को बरामद कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में सतना पुलिस ने मोबाइल शॉप में सिम बेचने वाले दो अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है। दोनों लोगों ने इन आरोपियों को वह फर्जी सिम बेची थी जिसके माध्यम से फिरौती की मांग की गई। इकबाल ने बताया कि सतना पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा दिया है और विस्तृत जांच जारी है।