मुख्यमंत्री की दोबारा शुरू होगी महाजनादेश यात्रा
मुंबई : मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व में भाजपा की महाजनादेश यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत आगामी 21 अगस्त को नंदुरबार जिले से शुरू होगी, जिसका 31 अगस्त को सोलापुर में समापन होगा। यह महाजनादेश यात्रा 18,39 किलोमीटर की होगी। भाजपा प्रदेश के महासचिव और यात्रा प्रमुख सुजित सिंह ठाकुर ने बताया कि कोल्हापुर और सांगली में आई भयंकर बाढ़ को देखते हुए यह यात्रा पांच दिन बाद शुरू होने जा रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की नेतृत्व में भाजपा की निकलने वाली दूसरे चरण की महाजनादेश यात्रा 14 जिलों और 55 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी, जिसमें 39 बड़ी जनसभाएं और 50 स्वागत सभा कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। यात्रा प्रमुख ठाकुर ने बताया कि 21 अगस्त को भाजपा की शुरू होने वाली महाजनादेश यात्रा का समापन 31 अगस्त सोलापुर जिले में किया जाएगा। यात्रा प्रमुख ने कहा कि यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत गणेशोत्सव के बाद की जाएगी। ठाकुर ने बताया कि यात्रा का पहला चरण विदर्भ क्षेत्र और उत्तर महाराष्ट्र के नंदुरबार होते हुए नौ अगस्त को संपन्न होना था, लेकिन पूर्व विदेश मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन और उसके बाद कोल्हापुर और सांगली जिले में आई भयंकर बाढ़ के चलते यात्रा को बीच में ही रोकना पड़ा था, जिसके बाद 17 अगस्त से दूसरे चरण की यात्रा को बाढ़ के कारण पांच दिन बाद शुरू किया जा रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले यात्रा का मकसद बताते हुए भाजपा ने कहा था कि राज्य की जनता को यह बताना है कि भाजपा नीत सरकार ने पांच सालों में क्या-क्या काम किए हैं। मुख्यमंत्री फड़नवीस के नेतृत्व में निकलने वाली भाजपा की दूसरे चरण की महाजनादेश यात्रा को लेकर ठाकुर ने बताया कि यात्रा को लेकर पूरी तैयारी हो चुकी है। इस दौरान जहां तीन हजार से अधिक जनता उपस्थित रहेगी, वहां मुख्यमंत्री लोगों को संबोधित करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री की निकलने वाली महाजनादेश यात्रा को लेकर विपक्ष ने निशाना साधा है जिसमें राकांपा के प्रवक्ता ने सरकार पर आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री और भाजपा यात्रा के माध्यम से वोट की राजनीति कर रहे हैं।
