भाई ने उधार लिए रुपये नहीं लौटाए तो नोएडा प्राधिकरण कर्मी दी जान
नोएडा के सेक्टर 49 थानाक्षेत्र में गांव बरौला हिंडन विहार में एक व्यक्ति ने अवैध हथियार से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उसके ममेरे भाई ने 40 लाख रुपये ले रखे थे। रुपये वापस नहीं करने के चलते व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार देर शाम की है।
बरौला हिंडन विहार निवासी 45 वर्षीय मुकेश परिवार के साथ रहते थे। एसएसआई रजनीश त्यागी ने बताया कि मुकेश नोएडा प्राधिकरण में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर था। मुकेश ने कुछ समय पहले अपने ममेरे भाई को किसी काम के लिए 40 लाख रुपये उधार दिए थे। ममेरे भाई ने कुछ समय बाद ही पैसे लौटाने की बात कही थी लेकिन उसने पैसे नहीं दिए।
जानकारी के अनुसार, बार-बार पैसे मांगने पर भी ममेरा भाई टालमटोल करता रहा। मुकेश के पिता रामपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार को पैसों की बात को लेकर ममेरे भाई के पास गया था, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। वह शाम करीब सात बजे घर आया और सीधे अपने कमरे में चले गए।
उस समय परिवार के अन्य सदस्य भी घर ही थी। करीब 15 मिनट बाद कमरे के अंदर से फायरिंग की आवाज आई। इस पर परिजन दौड़कर कमरे के बाहर पहुंचे तो अंदर से कुंडी लगी थी। इसके बाद परिजनों ने जैसे तैसे करके कमरे का दरवाजा खोला। मुकेश का शव खून से लथपथ पलंग पर पड़ा था। उनकी कनपटी पर गोली लगी थी। आनन-फानन में परिजन मुकेश को सेक्टर 49 थानाक्षेत्र के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कुछ समय बाद अस्पताल प्रशासन की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। एसएसआई का कहना है कि अभी जांच की जा रही है कि मृतक ने अवैध हथियार से गोली मारी है या किसी अवैध हथियार से। पुलिस का कहना है कि मृतक के पिता के आरोप के आधार पर जांच की जा रही है। मृतक का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
