महिला सीए ने हवलदार को सौ मीटर तक कार से घसीटा, फिर मीडियाकर्मी को पीटा

गुरुग्राम के वाटिका चौक पर गुरुवार सुबह रेड लाइट जंप करते समय एक कार को रोकना ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। कार में पति के साथ बैठी गुस्साई महिला सीए ने ट्रैफिक पुलिस के हवलदार पर कार चढ़ा दी और कार के बोनट के सहार उसे 100 मीटर तक घसीट कर ले गई। 

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से कार रुकवाई। इस दौरान वह महिला मौके पर मौजूद एक मीडियाकर्मी से भी उलझ गई। हवलदार और मीडियाकर्मी की शिकायत पर सेक्टर-50 थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दोनों दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है।  पुलिसकर्मियों के मुताबिक, कार रुकवाते ही महिला सीए और उसके पति ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से हाथापाई की। इतना ही नहीं, वहां मौजूद मीडियाकर्मियों से हाथापाई कर उनका कैमरा भी तोड़ दिया।  आरोपी महिला अनामिका (32) पेशे से सीए है और उसका पति राहुल (28) एक इंजीनियर है। दोनों गुरुग्राम के सेक्टर-91 में रहते हैं। उधर, महिला का आरोप है कि उसे बेवजह परेशान किया गया। 

ट्रैफिक इंस्पेक्टर कुलदीप दहिया ने बताया कि वाटिका चौक पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी चालन काट रहे थे। इस दौरान एसपीआर रोड की तरफ से एक कार ने रेड लाइट जंप की। पुलिसकर्मियों द्वारा कार को रुकवाया गया और ड्राइवर को कार के कागजात लाने के लिए कहा। उसने कहां की कागजात लेकर आता हूं। वह कार में जाकर बैठ गया। कार के पीछे बैठे दंपति कार की अगली सीट पर बैठ गए। महिला ने कार चलानी शुरू कर दी। इस पर कार को रुकवाने का प्रयास किया, तभी महिला ने कार को हवलदार सुनील पर चढ़ा दी। वह कार के बोनट पर आ गए और वह सुनील को सौ मीटर तक घसीटते हुए लेकर गई। सामने बाइक आने के कारण कार को रोकना पड़ा। उसके बाद महिला को पकड़ने की कोशिश की तो कार मे बैठी महिला व युवक ने मारपीट और गाली-गलौज करने लगे। मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मी से भी मारपीट कर कैमरा तोड़ दिया गया। ''हवलदार की शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों दंपति सेक्टर-86 से आ रहे थे। दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।''