कुख्यात बांग्लादेशी बदमाश गिरफ्तार, 100 से ज्यादा वारदातों को दिया था अंजाम

दिल्ली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो बांग्लादेशी बदमाशों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक पकड़ में आए बदमाशों पर दिल्ली के अलावा कर्नाटक और केरल में भी कई केस दर्ज हैं. इन बांग्लादेशी बदमाशों के खिलाफ कर्नाटक के हुबली में एक केस दर्ज है जहां पर इन सबने अपने गैंग के साथ मिलकर डकैती और कत्ल की वारदात को आंजाम दिया था.
गिरफ्तार बांग्लादेशी आरोपियों के नाम मानिक उर्फ इमरान और आलमगीर बताए जा रहे हैं. सोमवार की देर शाम पुलिस ने इन दोनों को मुखबिर की सूचना पर सराय काले खां बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक उस वक्त ये दोनों किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से वहां पहुंचे थे. पुलिस ने दोनों के पास से पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया है.
पुलिस के मुताबिक इसी साल 21 और 22 जनवरी की रात इमरान अपने पांच दूसरे साथियों के साथ हुबली के राजनगर इलाके में दवाओं के व्यापारी वेंकन बानावी के घर में घुस गए थे. लूटपाट के दौरान बदमाशों में 72 साल के व्यापारी की गला दबाकर हत्या कर दी थी.  पुलिस ने इमरान के पास से वहां से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद की है.  
पुलिस का कहना है कि इमरान इस गैंग का मास्टर माइंड था. ये पहली बार 1996 में भारत आया और 2001 में इसने पहली लूट की वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद इसने अपना एक बड़ा गैंग बना लिया और फिर पूरे भारत में डकैती और हत्या की वारदात को अंजाम देने लगा. ये लोग पॉश इलाके में ही वारदात को अंजाम देते थे, पहले दिन में रेकी करते फिर एक रात में ही चार से पांच वारदात को अंजाम देते.