जुलाई से ३ अगस्त तक १६८५ मिमी बारिश
मुंबई, ठंड के सीजन में आयोजित होनेवाला मुंबई मैराथन पूरे विश्व में प्रसिद्ध है लेकिन इस बार मुंबई में रेनेथोन कि चर्चा खूब हो रही है। यह कोई खेल नहीं है बल्कि मुंबई में लगातार हो रही अपेक्षा से अधिक बरसात है। मुंबई में जारी इस रेनेथोन से जुलाई माह से ३ अगस्त तक १,६८५ मिमि बारिश हुई है। वैसे तो मुंबई में मॉनसून के चार महीनों में औसतन २५०० मिमि बरसात होती है, लेकिन इस बार जुलाई से लेकर अब तक २२५१.२ मिमि बारिश हो चुकी है। यानी महज दो महीने में ही ७६ प्रतिशत कोटा पूरा हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो रेनेथोन अभी दो से तीन दिन तक यूं ही जारी रहेगा और सोमवार से बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी।
झमाझम बारिश संडे को भी जारी रहेगी। इसको लेकर स्थानीय मौसम विभाग ने पहले ही रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम का आकलन करनेवाली निजी संस्था स्काईमेट के प्रमुख मेट्रोलॉजिस्ट महेश पालावत ने कहा, ‘दक्षिण गुजरात से लेकर बंगाल तक नमीवाले बादलों की टर्फ लाइन यानी बादलों का घेरा निश्चित ऊंचाई पर पहुंच गया है। दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र निर्मित हो रहा है जिसके चलते मुंबई उपनगर, पालघर व ठाणे जिला में विगत ४८ घंटों से झमाझम बरसात हुई है। रविवार को भी भारी बारिश होगी। सोमवार से बरसात की तीव्रता में कमी देखने को मिलेगी।’ क्षेत्रीय मौसम विभाग के उप-निदेशक केएच होसालिकर ने बताया कि अरब सागर से आनेवाली ४० से ५० किमी प्रति घंटे की रफ्तार और निम्नस्तर का अभिसरण महाराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के तट पर निर्माण हो रहा है। रविवार को भारी बारिश हो सकती है, इसको लेकर हमने रेड अलर्ट भी जारी किया है।
