पुलिस सुरक्षा में मनेंगे मुंबई में त्यौहार

गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के मौजूद होने की खबर खुफिया विभाग ने गुजरात सरकार को दी है। इस इनपुट के बाद गुजरात में जहां सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, वहीं मुंबई पुलिस ने भी इस इनपुट को गंभीरता से लिया है। आगामी कुछ दिनों में होनेवाले त्यौहारों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा की घेराबंदी शुरू कर दी है।
बता दें कि मुंबई हमेशा आतंकियों के निशाने पर रही है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट पर अगर भरोसा करें तो गुजरात में जुटे आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के जल्लाद गुजरात सहित मुंबई में भी १५ अगस्त तक खूनी खेल खेल सकते हैं। कहा यह भी जा रहा है कि पुलवामा हमले के बाद से ही गुजरात और मुंबई में जैश-ए-मोहम्मद के जल्लाद आतंकी हमले की फिराक में हैं। १५ फरवरी को खुफिया विभाग के इनपुट के बाद गुजरात में स्टेच्यु ऑफ यूनिटी, सोमनाथ मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। इस बार फिर स्टेच्यु ऑफ यूनिटी और सोमनाथ मंदिर की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। इतना ही नहीं वडोदरा एयरपोर्ट पर एक एयर कार्गो में आरडीएक्स भी मिला था। गुजरात में ही नहीं मुंबई में भी लोन वुल्फ अटैक के इनपुट समय-समय पर खुफिया विभाग से मिल चुके हैं। बीते दिनों उरण के एक पुल पर लिखे गए आतंक के संदेश की गुत्थी में खुद नई मुंबई पुलिस भी उलझी हुई है। इस मामले में एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया था। अब गुजरात सरकार को मिले खुफिया विभाग के एलर्ट के बाद मुंबई पुलिस भी अलर्ट हो गई है। आगामी १० दिनों में मुंबई में बकरीद, १५ अगस्त, रक्षा बंधन जैसे त्यौहार आनेवाले हैं। सभी त्यौहार यहां बड़े धूम-धाम से मनाए जाते हैं। त्यौहार का रंग आतंकी फीका न करें इसलिए पुलिस सुरक्षा में जुट गई है। शहर के महत्वपूर्ण स्थानों, धार्मिक स्थलों के अलावा भीड़भाड़वाले इलाकों में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता पुलिस उपायुक्त प्रणय अशोक ने बताया कि समय-समय पर मुंबई पुलिस को खुफिया विभाग से इनपुट मिलते रहे हैं। अलर्ट के आधार पर सुरक्षा बढ़ाई जाती है। गुजरात सरकार को मिले खुफिया अलर्ट को भी पुलिस ने गंभीरता से लिया है। त्यौहारों में कोई अप्रिय घटना न घटे इसलिए कड़ी सुरक्षा की जा रही है।