पाकिस्तान को खुफिया जानकारी सौंपने वाले 3 जासूस गिरफ्तार
सेना के इंटेलिजेंस विभाग और सैन्य पुलिस ने मिलकर हरियाणा के हिसार से कैंट इलाके से 3 जासूसों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रागीब, मेहताब और खालिद के रूप में हुई है. मेहताब मुजफ्फरपुर का रहने वाला है, वहीं खालिद शामली का रहने का वाला है.
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी एक सप्ताह पहले ही कैंट इलाके में आए थे. कैंट इलाके में मेस बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है, इसी के लिए एक सिविल कंस्ट्रक्शन कंपनी ने लेबर के तौर पर आरोपियों को हायर किया था.
आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और कुछ फोटोग्राफ बरामद हुए हैं. तीनों आरोपी व्हाट्सएप्प के जरिए कॉल और वीडियो कॉल करके पाकिस्तानी जासूसों से बातचीत करते थे.
सेना को इस बात की प्रारंभिक जानकारी मिली है. आरोपियों के मोबाइल से सैन्य गतिविधियों की वीडियो क्लिप्स भी बरामद किए गए हैं. गुरुवार को तीनों आरोपियों को देर रात गिरफ्तार किया गया है.
