पैसे नहीं जमीन देगा पोर्ट ट्रस्ट

मुंबई : वडाला से सीएसएमटी मेट्रो-११ कॉरिडोर परियोजना का हिस्सा रहा शिवड़ी से सीएसएमटी अंडरग्राउंड मेट्रो का खर्च मुंबई पोर्ट ट्रस्ट को उठाना है। एमएमआरडीए की इस मांग को लेकर कई दिनों से मुंबई पोर्ट ट्रस्ट असमंजस में था कि इस परियोजना का खर्च ट्रस्ट वैâसे उठा पाएगा? क्योंकि पोर्ट ट्रस्ट को अपनी योजनाओं के लिए भी पैसे खर्च करने हैं।
एमएमआरडीए की इस मांग का तोड़ मुंबई पोर्ट ट्रस्ट ने निकाल लिया है। पोर्ट ट्रस्ट अंडरग्राउंड मेट्रो के खर्च की बजाए उतने कीमत की जमीन एमएमआरडीए को देने के लिए तैयार हो गया है। ऐसे में मेट्रो -११ के लिए लगनेवाले राशि की बाधा खत्म अब हो गई है।
जानकारी के अनुसार कासारवड़वली – ठाणे से वडाला मेट्रो-४ का विस्तार सीएसएमटी तक होगा। यह परियोजना २०२६ तक पूरी होने के बाद रोजाना इस रूट पर अनुमानित ११ लाख ६० हजार यात्री सफर करेंगे। मेट्रो-४ का काम शुरू होने के साथ ही वडाला से सीएसएमटी मेट्रो-११ को भी हाल ही में मंत्रिमंडल ने मान्यता दे दी। इस कॉरिडोर की कुल लंबाई १२.७७४ किमी है, इसमें अंडरग्राउंड मेट्रो का खर्च करीब १,८२९ करोड़ रुपए आएगा। इस कॉरिडोर का फायदा खासकर पोर्ट ट्रस्ट की ओर से किए जानेवाले पुनर्विकसित होनेवाले क्षेत्रों को होगा। इस परियोजना के खर्च का भार कौन उठाएगा? इसे लेकर एमएमआरडीए और पोर्ट ट्रस्ट के बीच असमंजस की दीवार कई महीने से खड़ी थी, जिसका हल अब निकल गया है।