बिजनेस पार्टनर के साथ फ्लैट में थी महिला, संदिग्ध हालात में मौत

पंजाब के जीरकपुर में एक महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई. महिला अपने बिजनेस पार्टनर के साथ एक मकान में ठहरी हुई थी. इस वारदात के बाद मृतक महिला के बेटे ने पुलिस में मामला दर्ज कराया है. इस वारदात के बाद से ही महिला का बिजनेस पार्टनर फरार है. उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

घटना मोहली जिले में जीरकपुर के मॉडर्न कॉम्प्लेक्स की है. जहां फ्लैट संख्या-१४ण् में बृजा दुबे नामक महिला अपने बिजनेस पार्टनर रंजन पांडे के साथ ठहरी हुई थीं. २१ जुलाई शाम को बृजा दुबे को मृत अवस्था में पंचकूला के सेक्टर-६ में स्थित राजकीय अस्पताल में लाया गया.

पुलिस के मुताबिक मृतका के बेटे सुंशात ने पुलिस को बयान दर्ज कराते हुए बताया कि बीती २० जुलाई को उसकी मां घर से ऑल्टो कार लेकर निकली थीं. उन्होंने २१ जुलाई को वापस आने के लिए कहा था. उन्होंने अपने बेटे को बताया था कि वह अपने कारोबारी पार्टनर रंजन पांडे के साथ किसी काम से दिल्ली जा रही हैं.

२१ जुलाई के दिन सुंशात को कार की ज़रूरत थी. लिहाजा उसने अपनी मां को फोन करके पूछा तो उन्होंने उसे कहा कि एक-डेढ़ घंटे बाद रंजन अंकल के घर आकर गाड़ी ले जाना. सुशांत दोपहर २ बजे मॉडर्न कॉम्प्लेक्स पहुंचा और अपनी मां को फोन किया. उसकी मां तीसरी मंजिल पर स्थित फ्लैट की खिड़की से कार की चाभी नीचे फेंक दी और वह कार लेकर वहां से चला गया.

उसी शाम सुशांत ने अपनी मां को कई बार कॉल किया. लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. शाम के तकरीबन ७ बजे सुशांत ने फिर से अपनी मां को कॉल किया. तब रंजन पांडे ने फोन पर कॉल रिसीव की. उसने सुशांत को बताया कि उसकी मां की तबीयत ठीक नहीं है. फौरन पंचकूला हॉस्पिटल पहुंच जाओ. सुशांत ये सुनकर कुछ देर बाद पंचकूला के सेक्टर-६ में स्थित राजकीय अस्पताल जा पहुंचा.

वहां डॉक्टर ने उसे जानकारी देते हुए बताया कि उसकी मां बृजा दुबे को वहां मृत अवस्था में ही लाया गया था. यह सुनकर सुशांत दंग रह गया. अस्पताल की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. पंचनामे की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

पुलिस ने सुशांत के बयान दर्ज किए और उसी के आधार पर इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने जांच में पाया कि मृतक महिला के गले पर निशान थे. पुलिस सुबूत जुटाने के लिए रंजन पांडे के फ्लैट पर जा पहुंची. वहां कमरे में बीयर की ६ खाली बोतल और ३ गिलास पड़े हुए मिले. इसके अलावा वहां से चादर के कुछ टुकड़े भी बरामद हुए.

पुलिस ने जब वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो ३ लोग बृजा को उठाकर ऑटो में लेकर जाते दिख रहे हैं. शक की सुई पूरी तरह से रंजन पांडे की तरफ घूम रही है. अब पुलिस मृतका और रंजन पांडे की कॉल डिटेल खंगालने की तैयारी में है. साथ ही पुलिस को वहां एक और अन्य वक्ति को मौजूद होने का पता चला है. पुलिस तफ्तीश कर रही है कि आखिर वो तीसरा शख्स कौन था?