दहेज देने पर बेटी के पिता पर केस
राजस्थान में दहेज का एक दुर्लभ मामला प्रकाश में आया है। जोधपुर के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट ने लड़की के पिता और सेवानिवृत्त कर्मचारी रामलाल पर दहेज देने के आरोप में मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। लड़की के पिता रामलाल ने अदालत में अपनी दलील रखे जाने के दौरान खुद कहा था कि उन्होंने बेटी के ससुराल वालों को नकद समेत पर्याप्त सामान दहेज के रूप में दिया था।
इस पर उनकी बेटी के ससुर और पेशे से शिक्षक जेठमल ने आरोपों से इनकार कर दिया। जेठमल के वकील ब्रजेश पारीक ने रामलाल पर दहेज देने के आरोप में मामला दर्ज करने की अपील की। अपील को स्वीकार करते हुए मजिस्ट्रेट ऋचा चौधरी ने पुलिस को लड़की के पिता के खिलाफ दहेज देने के संबंध में मामला दर्ज करने का निर्देश दिया। मामले में आगे सुनवाई जारी रहेगी।
मनीषा की सॉफ्टवेयर इंजीनियर कैलाश से 2017 में शादी हुई थी। मनीषा के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के नाम पर बेटी का उत्पीड़न करने और उसे पति के साथ नहीं रहने देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। कैलाश नोएडा में नौकरी करता है।
