दंबगों ने आदिवासी महिला को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला
मध्य प्रदेश के सिंगरौली में भी सोनभद्र नरसंहार जैसी घटना हुई है, जहां जमीन के लिए भूमाफिया ने ट्रैक्टर से एक आदिवासी महिला को कुचलकर मार डाला। घटना के दौरान महिला के ससुर घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक घटना सिंगरौली के जियावन इलाके में हुई। जमीन पर 30 साल से आदिवासी कोल परिवार का कब्जा है। दंबगों ने चार साल पहले यहां जमीन बेची थी, लेकिन अब वो लोग फिर से उस जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को अचानक कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर कोल परिवार की जमीन पर जा पहुंचे और वहां जोताई करने लगे। सूचना पाकर विशेषर कोल अपनी बहू किरण कोल के साथ खेत में पहुंच गए। उन्होंने जोताई का विरोध किया। दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रभाकर बैस ने किरण कोल के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। यही नहीं विरोध करने पर महिला के ससुर को लाठी डंडों से जमकर पीटा गया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों ने किरण और उनके ससुर को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार को किरण की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें सिंगरौली जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ले जाते समय उनकी मौत हो गई।