तिहरे हत्याकांडों से हिली नई मुंबई-शिर्डी

मुंबई : मुंबई व आसपास के इलाकों में शनिवार की सुबह कत्ल की खबरों के साथ शुरू हुई। मुंबई के घाटकोपर स्थित असल्फा विलेज में झूठ बोलने से नाराज दो युवकों ने पड़ोसी युवक की हत्या कर दी तो वहीं नई मुंबई के तुर्भे एमआईडीसी स्थित इंदिरा नगर इलाके में एक भंगार के गोदाम में सो रहे तीन लोगों की धारदार शस्त्रों एवं भारी वस्तु से वार करके हत्या कर दी गई। इसी तरह शिर्डी में मामूली विवाद में पड़ोसी ने एक परिवार के पांच लोगों पर धारदार शस्त्र से हमला कर दिया। इस हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इन घटनाओं ने कल शनिवार को ‘कत्ल’वार बना दिया।
झूठ बोला तो मार डाला
पहली घटना में घाटकोपर के असल्फा विलेज स्थित थोरात चाल में रहनेवाले अश्विनी दुबे उर्फ सोनू को पड़ोस में रहनेवाले नरेंद्र राणे ने महीनेभर पहले हाउसकीपिंग के काम पर लगवाया था। एक महीना पूरा होने पर अश्विनी को वहां से तनख्वाह भी मिल गई लेकिन उसने पैसे परिजनों को देने की बजाय खुद खर्च कर दिए। अश्विनी ने परिजनों से कहा था कि अभी तनख्वाह नहीं मिली है। अश्विनी के परिजनों ने पगार में देरी के संबंध में नरेंद्र से पूछताछ की थी लेकिन नरेंद्र ने जब जांच की तो अश्विनी का राजफाश हो गया। झूठ बोलने से गुस्साए नरेंद्र और राहुल ने अश्विनी से इस बारे में बात करने की कोशिश की, इसी दौरान अश्विनी से उनकी कहासुनी हो गई और बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस मारपीट में अश्विनी की मौत हो गई।
चोरों ने किया तीन का कत्ल!
इसी तरह तुर्भे एमआईडीसी इलाके में भंगार के गोदाम में सो रहे तीन मजदूरों को धारदार शस्त्र और भारी वस्तु से वार करके किसी ने मौत के घाट उतार दिया। मृतकों के नाम इरशाद, नौशाद और राजेश बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि कबाड़ के गोदाम में चोरी के इरादे से किसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की जांच पैसों के लेनदेन के एंगल से भी कर रही है।
मामूली झगड़े में पड़ोसी बना हैवान
शिर्डी के निमगाव स्थित विजय नगर इलाके में घटी तीसरी घटना में अर्जुन पन्हाले नामक शख्स ने घर के पास लघु-शंका करने व कचरा फेंकने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों पर कोयते से वार कर दिया। पन्हाले के हमले में ६२ वर्षीय नामदेव ठाकुर, ५० वर्षीय दगूबाई ठाकुर तथा १६ वर्षीय खुशी ठाकुर की मौत हो गई जबकि ३५ वर्षीय राजेंद्र ठाकुर १८ वर्षीय तावू ठाकुर जखमी हो गए हैं। उन्हें पास के साईबाबा अस्पताल में भर्ती किया गया है। शिर्डी पुलिस ने अर्जुन को हिरासत में लिया है।