कंगना को मीडिया से भिड़ना पड़ा भारी, जजमेंटल... को नहीं मिलेगी कोई कवरेज

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल द्वारा पूरे मीडिया को खरी-खोटी सुनाना और अपशब्दों का इस्तेमाल करना भारी पड़ सकता है. गिल्ड ऑफ इंडिया ने कंगना की फिल्म जजमेंटल है क्या को पूरी तरह बायकॉट करने का फैसला किया है. संस्था ने फैसला किया है कि कंगना को मीडिया कवरेज नहीं दिया जाएगा. मालूम हो कि कंगना रनौत ने अपनी प्रेस कान्फ्रेंस में एक पत्रकार को काफी खरी-खोटी सुनाई थी. इसके बाद उनकी बहन ने भी मीडिया के खिलाफ ट्विटर पर काफी कुछ बुरा-भला लिखा था. अब Entertainment Journalists' Guild of India नामक संस्था ने फिल्म की प्रोड्यूसर एकता कपूर को एक लेटर लिखा है जिसमें फिल्म को पूरी तरह बायकॉट करने और इसे कोई मीडिया कवरेज नहीं देने की बात कही गई है. इस लेटर की सब्जेक्ट लाइन में कंगना रनौत की फिल्म 'जजमेंटल है क्या' के गाने के लॉन्च इवेंट में उनके द्वारा किए गए अनुचित बर्ताव की निंदा करने की मांग की गई है. लेटर में लिखा गया है कि आपकी टीम ने हमसे अंधेरी में आयोजित आपके एक इवेंट को आकर कवर करने की रिक्वेस्ट की गई थी. इस इवेंट में कंगना रनौत जो कि राजकुमार राव के साथ थीं, हमारे एक पत्रकार पर बुरी तरह भड़क उठीं, बावजूद इसके कि उसका सवाल पूरा भी नहीं हुआ था. लेटर में लिखा है कि क्योंकि आप उस इवेंट में खुद मौजूद थीं तो आप जाहिर तौर पर इस मामले से पूरी तरह वाकिफ हैं. हम आपसे इस मामले पर एक लिखित स्टेटमेंट और कंगना द्वारा किए गए बर्ताव की निंदा की मांग करते हैं.