सात समंदर पार से बीवी ने दिखाई सतर्कता, मुंबई में बची ब्रिटिश बुजुर्ग की जान

मुंबई : ऑस्ट्रेलिया में रह रही एक महिला ने सात समंदर पार होने के बावजूद अपनी सतर्कता से मुंबई में रह रहे पति की जान बचा ली। महिला का पति खुदकुशी करना चाहता था। खुदकुशी से पहले उसने पत्नी को इसकी सूचना दी लेकिन पत्नी ने सही समय पर मुंबई के बीकेसी स्थित ब्रिटिश उच्चायोग को इसकी सूचना दे दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे पवई पुलिस के अधिकारियों ने बुजुर्ग को खुदकुशी न करने के लिए मना लिया।
बता दें कि २७ जून को नियंत्रण कक्ष के जरिए पवई पुलिस को जानकारी मिली थी कि पवई के हिरानंदानी स्थित टोरानो बिल्डिंग की २१वीं मंजिल पर रहनेवाला ६१ वर्षीय ब्रिटिश नागरिक खुदकुशी करनेवाला है। कंट्रोल रूम को यह जानकारी बीकेसी स्थित ब्रिटिश उच्चायोग के अधिकारियों ने दी थी। विदेशी बुजुर्ग नागरिक से जुड़ा मामला होने के कारण पवई पुलिस के अधिकारी तुरंत हरकत में आए। एसीपी मिलिंद खेतले के मार्गदर्शन में पवई पुलिस थाने की पीआई अनघा सतवसे, बलवंत देशमुख एवं एपीआई सचिन वाघ की टीम मौके पर पहुंचकर ६१ वर्षीय सैम कोलार्ड को ढूंढ़ने लगी। इस दौराना टोरानो बिल्डिंग के निकट स्थित एवलोन बिल्डिंग की ३३वीं मंजिल पर एक फ्लैट अंदर से बंद पाया। पुलिस ने फ्लैट में बंद सैम को प्यार, संयम और समझदारी के साथ समझाया तथा अच्छे इलाज का आश्वासन दिया। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें खुदकुशी न करने के लिए मना लिया। सैम बीकेसी स्थित अमेरिकी कंपनी में नौकरी करते हैं। वे मुंबई में अकेले रहते हैं। उनकी पत्नी ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रहती है। लंबे समय से बीमार चल रहे सैम को पक्षाघात का दौरा पड़ चुका है। हिरानंदानी अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट उनका इलाज कर रहे हैं। बीमारी से तंग आकर सैम खुदकुशी करना चाहते थे। उन्होंने सिडनी में रह रही पत्नी को मरने से पहले संपर्क किया और खुदकुशी की जानकारी दी थी।