विराट ने रोहित की तारीफ की, बोले- टीम के प्रदर्शन से खुश

बर्मिंगम : भारत ने बांग्लादेश को 28 रन से हराकर आईसीसी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है साथ ही बांग्लादेश इस दौड़ से बाहर हो गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने रोहित शर्मा के 104 रनों की बदौलत नौ विकेट खोकर 314 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 286 रनों पर ऑल आउट हो गई। जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट लिए। मैच के बाद कप्तान विराट कोहली ने कहा, 'मैं हमेशा कहता हूं कि रोहित शर्मा सबसे अच्छा वनडे प्लेयर है।' कप्तान कोहली ने कहा, 'बांग्लादेश ने वाकई में अच्छा क्रिकेट खेला और उन्होंने कड़ा मुकाबला किया। आखिरी विकेट तक बांग्लादेश ने कोशिश की। हमें जीत के लिए मशक्कत करनी पड़ी लेकिन खुशी है कि हम सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। अगला मैच हमारे लिए बेहतकर करके दिखाने के लिए होगा। हमने देखा कि हार्दिक ने प्रेशर में वापसी की। उन्होंने विकेट बटोरने का तरीका निकाला। जब वह बोलिंग करने आए तो वह एक बल्लेबाज की तरह सोच रहे थे और इससे विकेट लेने में मदद मिली। हार्दिक ने वाकई में अच्छी गेंदबाजी की।' उन्होंने कहा, 'पांच गेंदबाजों को लेकर खेलना रिस्की था लेकिन छोटी बाउंड्री को देखते हुए यह फैसला लिया गया। सभी मैचों में ऐसा नहीं किया जा सकता। मैं सार्वजनिक रूप से कहता हूं कि रोहित सबसे अच्छा वनडे प्लेयर है। बुमराह अच्छा गेंदबाज है। टीम ने जो प्रदर्शन किया उससे काफी खुश हूं।' बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने कहा, 'हम मैच नहीं जीत सके लेकिन टीम के खिलाड़ियों ने अच्छा गेम खेला। खासकर मुस्तफिजुर ने अच्छा प्रदर्शन किया। टूर्नमेंट अच्छा था और शाकिब ने भी अच्छा खेला। तमीम रोहित शर्मा की तरह खेल सकते थे लेकिन क्रिकेट में ऐसा होता है।'