बंगाली गिरोह के 3 लुटेरे दबोचे, 45 से ज्यादा वारदातों को दे चुके अंजाम

लूट एवं झपटमारी के 45 से अधिक मामलों में कथित तौर पर संलिप्त रहने वाले तीन लोगों को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के साउथ कैंपस इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संतोष (37), अरुण (25) और राकेश (26) के तौर पर हुई है और इन्हें श्रीराम जेजे कैंप से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मादक पदार्थ के सेवन के आदी हैं और एम्स अस्पताल के आस-पास वारदातों को अंजाम देते थे। उन्हें बंगाली गिरोह के नाम से जाना जाता है। यह गिरोह  लूट के लिए आसान शिकारों की पहचान कर वारदात के लिए चोरी किए हुए दो पहिया वाहनों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने बताया कि उनके पास से चोरी किए गए 11 दुपहिया वाहन, चोरी के दस मोबाइल फोन, दो कारतूस, एक देशी कट्टा और एक चाकू बरामद किया गया है।