PUBG खेलने से मना किया तो कर दी बड़े भाई की हत्या

भिवंडी : महाराष्ट्र के भिवंडी में मां के मोबाइल पर PUBG गेम खेलने से मना करने पर नाराज नाबालिग ने बड़े भाई के पेट में कैंची घोंपकर हत्या कर दी। बड़े भाई की हत्या करने वाले नाबालिग को शांतिनगर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार चौहान कालोनी स्थित एक चाल में रहने वाला मो. फहाद शाह (15) अपनी मां के मोबाइल पर पब्जी गेम खेल रहा था। उसके बड़े भाई मो. हुसैन शाह (19) ने उसे मोबाइल पर PUBG गेम खेलने से मना किया। 

इसके बाद भी फहाद ने जब खेलना बंद नहीं किया तो उन्होंने उससे जबरन मोबाइल छीन लिया। मोबाइल छीनने से नाराज फहाद ने घर में रखी कैंची से बड़े भाई हुसैन के पेट और सीने पर वार करके घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल हुसैन को इलाज के लिए उपजिला अस्पताल में ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने के पहले ही उसने दम तोड़ दिया। 

सूचना मिलते ही शांतिनगर पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक ममता डिसूजा पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गईं। वहां पुलिस ने फहाद को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि नाबालिग होने के कारण उसे बाल सुधार गृह में भेज दिया जाएगा।