वर्ल्ड नंबर 1 और नंबर 2 के बीच मुकाबला, भारत के लिए लकी रहा है एजबेस्टन का मैदान
वर्ल्ड कप में आज एजबेस्टन में दुनिया की नंबर एक टीम इंडिया का नंबर 2 टीम इंग्लैंड से मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। टीम इंडिया जहां इसी मैच से सेमीफाइनल में एंट्री का इंतजार खत्म करना चाहेगी, वहीं अंग्रेजों के लिए यह मैच 'करो या मरो' जैसा है। इंग्लैंड की कोशिश मैच जीतकर सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने की होगी। आइए, समझते हैं कि क्यों यह मैच काफी अहम है, दोनों टीमों का एक दूसरे के खिलाफ ओवरऑल और हाल के समय में कैसा प्रदर्शन रहा है। विराट कोहली की अगुआई में टीम इंडिया अबतक वर्ल्ड कप की इकलौती अजेय टीम है। भारत ने अबतक 6 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 5 में जीत हासिल की है और एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। इस तरह 11 अंकों के साथ टीम इंडिया पॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर है। इस मैच में टीम इंडिया ऑरेंज जर्सी में उतरेगी। क्यों अहम है मैच
भारत के लिए यह मैच इसलिए अहम है कि उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए सिर्फ एक जीत की दरकार है। अगर मैच टाई होता है या बारिश की वजह से रद्द होता है तो यह भी इंडिया के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पर्याप्त होगा। दूसरी तरफ, इंग्लैंड की टीम अगर यह मैच हार जाती है तो उसकी सेमीफाइनल की राह बेहद मुश्किल हो जाएगी क्योंकि तब यह अन्य टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। इंग्लैंड 7 मैचों में 4 जीत और 3 हार के साथ 8 अंक लेकर पॉइंट टेबल में 5वें पायदान पर है। भारत और इंग्लैंड के बीच यह 100वां एकदिवसीय मैच है। अबतक हुए 99 मैचों में भारत ने 53 जीते हैं और इंग्लैंड के खिलाफ उसका जीत प्रतिशत 56 का है। आंकड़ों में भी यहां भारत का पलड़ा भारी दिख रहा है। हालांकि, वर्ल्ड कप मैचों में दोनों के बीच दमदार मुकाबले होते रहे हैं। इस मैच से पहले तक दोनों टीमें वर्ल्ड कप में 7 बार भिड़ चुकी हैं। इसमें भारत 3 जीत पाया है और उसका जीत प्रतिशत 43 है। इंग्लैंड ने भी 3 मुकाबले जीते हैं और 1 मैच टाई रहा था। बात अगर दोनों टीमों के पिछले 5 मुकाबलों की करें तो भारत इनमें से सिर्फ 2 ही जीत सका है और उसका जीत प्रतिशत 40 है।
आज का मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा जहां भारत का रेकॉर्ड शानदार रहा है। यहां भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ कुल 4 मैच खेले हैं, जिनमें से 3 में जीत हासिल की है यानी 75 प्रतिशत मैचों में जीत हासिल की है। इसके अतिरिक्त, एजबेस्टन में भारत ने इंग्लैंड समेत अन्य टीमों के खिलाफ पिछले 5 मैचों में किसी में भी नहीं हारा है।
भारत 1983 और 2011 में वर्ल्ड कप जीत चुका है। मौजूदा वर्ल्ड कप में उसने अबतक 6 मैच खेले हैं। 5 में जीत हासिल की है और 1 मैच रद्द हो गया। भारत के 6 मैचों में 11 अंक हैं। टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 6 विकेट से, ऑस्ट्रेलिया को 36 रन से, पाकिस्तान को 89 रन से, वेस्ट इंडीज को 125 रन से और अफगानिस्तान को 11 रनों से हराया है। न्यू जीलैंड के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था।
