जीजा ने साली को बिजली के तार से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट, फिर मुंह पर पेट्रोल डालकर लगा दी आग

उत्तराखंड के रामनगर में पिछले सप्ताह महिला की हत्या कर उसका शव नंदपुर गांव चिल्किया के पास सिंचाई नहर में फेंक दिया गया था। पुलिस ने मृतका की शिनाख्त कर उसके जीजा समेत दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

 एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने रविवार को कोतवाली में प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि 15 जून को नंदपुर चिल्किया के पास बड़ी नहर में अज्ञात महिला का शव मिला था। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने कई माध्यमों से प्रयास किए थे। मशक्कत के बाद भजनपुरा दिल्ली निवासी अंकित शर्मा पुत्र शरद शर्मा ने मृतका की शिनाख्त अपनी पत्नी जन्नत निखत अंसारी (19) के रूप में की। उसने ग्राम चोरपानी निवासी उसके जीजा सोनू सैनी पर पत्नी की हत्या का शक जताया था। पुलिस ने इसी आधार पर जांच की। सुबूत जुटाने के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी जीजा सोनू सैनी समेत थाना अमरोहा के मोहल्ला रफतपुरा निवासी राहुल सैनी उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सोनू ने हत्या का अपराध कबूला। बताया कि उसने सांई कॉलोनी पीरूमदारा में किराये के मकान में ले जाकर बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। हत्या के वक्त उसके मकान में काम करने वाली रेखा और उसका साला गुड्डू उर्फ राहुल सैनी भी मौजूद थे, जिन्हें उसने एक कमरे में बंद कर दिया था।

हत्या के बाद उसने साले गुड्डू की सहायता से वैगनआर कार में शव ले जाकर नहर में डाल दिया। पेट्रोल डालकर आग लगा दी और चेहरा झुलसा दिया ताकि उसकी पहचान न हो सके। उसे शक था कि निखत उसकी हत्या कराना चाहती है। इसलिए उसने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सोनू सैनी और गुड्डू को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया है। अभियुक्तों से निखत के कान की दो रिंग, दो अंगूठियां, हत्या में प्रयुक्त बिजली का तार, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।

एसएसपी ने कोतवाल रवि कुमार सैनी, एसआई प्रताप नगरकोटी, जयपाल चौहान, रविंद्र राणा, सर्विलांस प्रभारी किशन चंद्र, एसओजी टीम के सिपाही रियाज अख्तर, अशोक कांबोज, तालिब हुसैन, वीरेंद्र पाल, भूपेंद्र सिंह को ढाई हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।  पुलिस के अनुसार निखत का अपने पति से विवाद हुआ था। यह मामला दिल्ली कोर्ट में विचाराधीन है। इसलिए वह नौ जून से अपने जीजा सोनू सैनी के साथ रहने लगी थी। देह व्यापार का धंधा करने वाले सोनू ने नशे की दवा खिलाकर निखत को भी इस धंधे में धकेल दिया। वह सोनू पर शादी के लिए दबाव भी बना रही थी। इसी के चलते सोनू ने अपने साले के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। सोनू ने पुलिस को बताया कि नौकरानी रेखा, दोस्त शंकर ने आगाह किया था कि निखत उसे (सोनू को) मार सकती है।