साइना न्यूजीलैंड ओपन में दुनिया की २१२वें नंबर की खिलाड़ी से हारी

भारत की साइना नेहवाल बुधावार को यहां न्यूजीलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में दुनिया की २१२वें नंबर की खिलाड़ी चीन की वैंग झियी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

लंदन ओलंपिक २०१२ की कांस्य पदक विजेता और दुनिया की नौवें नंबर की खिलाड़ी २९ साल की साइना को महिला एकल मुकाबले में १९ साल की अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ एक घंटे और सात मिनट में १६-२१, २३-२१,४-२१ से से हार का सामना करना पड़ा।

पुरुष एकल में लक्ष्य सेन का अभियान भी थम गया। इस भारतीय खिलाड़ी को एक घंटा और आठ मिनट चले मुकाबले में ताइवान के वैंग जू वेई के खिलाफ २१-१५,१८-२१,१०-२१ से हार का सामना करना पड़ा।

इससे पहले अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की महिला युगल जोड़ी भी तीन गेम चले कड़े मुकाबले में ल्यु शुआनशुआन और शिया युटिंग की चीन की जोड़ी के खिलाफ १४-२१, २३-२१,१४-२१ से हार गई।

पुरुष युगल में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी ने न्यूजीलैंड के जोशुआ फेंग और जैक जियांग को २१-१७, २१-१० से हराया।

साइना ने पहले गेम में धीमी शुरुआत की जिससे चीन की उनकी प्रतिद्वंद्वी ने ०-४ की बढ़त बनाई और फिर इस बढ़त को बरकरार रखते हुए पहला गेम १६-२१ से जीत लिया।

दूसरे गेम में भी वैंग ने साइना को कड़ी टक्कर दी लेकिन भारतीय खिलाड़ी २३-२१ से जीत दर्ज करते हुए मुकाबला १-१ से बराबर करने में सफल रही।

तीसरे और निर्णायक गेम में वैंग झियी पूरी तरह हावी रही और उन्होंने लगातार आठ अंक के साथ मजबूत बढ़त बनाई और फिर आसानी से गेम जीत लिया।

महिला एकल के पहले दौर में अनुरा प्रभुदेसाई को भी दुनिया की १५ वें नंबर की खिलाड़ी चीन की ली शुएरुई के खिलाफ ९-२१, १०-२१ से हार झेलनी पड़ी।