सोशल वेबसाइटस पर राजनीतिक विज्ञापनों पर 2 सप्ताह में खर्च किए 2.5 करोड़ रुपये

“फेसबुक या इंस्टाग्राम पर चलाए गए राजनीति और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों से संबंधित विज्ञापनों – (अनुवाद)” पर २ से १६ मार्च २०१९ के बीच २.५ करोड़ रुपये खर्च किए गए। यह ऑल्ट न्यूज़ के ‘फेसबुक विज्ञापन लाइब्रेरी डेटा’ के साप्ताहिक विश्लेषण से पता चला।

 इस पूरे खर्चे में केवल शीर्ष २० पेजों का योगदान १.९ करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें भी अकेले भाजपा-समर्थक पेजों ने ही १.५ करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। काफी अंतर से दूसरे नंबर पर BJD-समर्थक विज्ञापन, १५.२ लाख रुपये पर रहे। उसके बाद YSR कांग्रेस के विज्ञापन (१२.७ लाख रुपये), कर्नाटक सरकार के विज्ञापन (5 लाख रुपये) और कांग्रेस-समर्थक पेज (१.६८ लाख रुपये) आते हैं।

बताई गयी लिस्ट में २ से १६ मार्च के बीच, शीर्ष २० पेजों के खर्चों को दिखलाया गया है। दो सप्ताह का यह खर्च ‘कॉलम C’ में दिखता है। यह १६ मार्च तक के कुल खर्च (कॉलम D) और २ मार्च तक के कुल खर्च (कॉलम E) के बीच का अंतर है।

सबसे अधिक खर्च करने वालों में, भाजपा के चुनाव अभियान ‘भारत के मन की बात’ को समर्पित फेसबुक पेज ने सर्वाधिक ८७.३ लाख रुपये का निवेश किया। दूसरी पंक्ति में ४३ लाख रुपये से अधिक के खर्च के साथ भाजपा का ही एक पेज ‘नेशन विद नमो’ रहा। उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को २ से १६ मार्च के बीच १५.२ लाख रुपये के कुल विज्ञापन खर्च के साथ तीसरे स्थान पर रखा गया। चौथे स्थान पर ‘इंडियन पोलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC)’ द्वारा दिए गए लगभग १३ लाख रुपये के YSR कांग्रेस-समर्थक विज्ञापन रहे। यह इनके दो सप्ताह पहले के खर्चे से ५३,९९२ रुपये ज्यादा है। I-PAC, एक राजनीतिक समर्थक समूह है जो चुनाव अभियानों के लिए रणनीति प्रदान करता है। पांचवें स्थान पर केंद्र सरकार का पेज ‘MyGov India’ रहा, जिस पर ८.३ लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए।

देखा गया शीर्ष २० विज्ञापनदाताओं में ६ठे स्थान पर ‘माई फर्स्ट वोट फॉर मोदी’ नाम का एक फेसबुक पेज रहा, जिसने २ मार्च तक ११,००० रुपये से थोड़ा अधिक ही खर्च किया था (कॉलम E), लेकिन उसके बाद, अगले केवल दो सप्ताह में, इसका कुल खर्च बढ़कर लगभग ७.६ लाख रुपये हो गया (कॉलम D)।

‘माई फर्स्ट वोट फॉर मोदी’ हाल ही में विकसित फेसबुक पेज है। यह इस साल जनवरी में बनाया गया था और इसके केवल ४५ हज़ार फॉलोअर्स हैं। फिर भी, इस पेज ने भाजपा के आधिकारिक पेज की तुलना में राजनीतिक विज्ञापनों पर अधिक निवेश किया है। जैसा कि लिस्ट  के ‘कॉलम E’ में दिखता है, भाजपा के आधिकारिक फेसबुक पेज ने २ मार्च तक राजनीतिक विज्ञापनों पर 6.6 लाख रुपये खर्च किए और यही आंकड़ा १६ मार्च तक के खर्चे में (कॉलम D) भी स्थिर बना रहा।