शराबियों ने पुलिस अधिकारी को मारा चाकू, 3 गिरफ्तार

 राजधानी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में गुरुवार को होली मनाने के दौरान पुलिस अधिकारी को चाकू मारने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन लोगों की पहचान पारस, अंगरेज सिंह और आनंद सिंह के रूप में की गई है। तीनों घटना के वक्त शराब के नशे में थे।

डीसीपी (वेस्ट) मोनिका भारद्वाज ने बताया कि सब इंस्पेक्टर अमित कुमार निहाल विहार पुलिस स्टेशन में तैनात हैं। वह अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ ढाबा ढूंढने के लिए राजौरी गार्डन गए थे। घटना के वक्त वह ड्यूटी पर नहीं थे और सादे कपड़े में थे।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, उन्होंने बताया कि रघुवीर नगर में सुबह करीब ११  बजे कुछ युवकों ने अमित कुमार की कार पर रंग डाल दिया। इसके बाद झगड़ा शुरू हो गया और युवकों ने एसआई अमित कुमार को मारना शुरू कर दिया। आरोपियों ने वहां से भागने से पहले अमित कुमार को चाकू मार दिया। घटना के बाद एसआई अमित को बालाजी एक्शन हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उनका ऑपरेशन किया गया। अब उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। 

डीसीपी ने बताया कि घटना के कुछ घंटों बाद ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, एक आरोपी जिसकी पहचान मुखी के रूप में की गई है वह अब भी फरार है।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी एक टेंट हाउस में काम करता थे। डीसीपी ने बताया कि राजौरी गार्डन थाने में आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और फरार व्यक्ति को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।