पार्टी की इच्छा के बावजूद NCP प्रमुख शरद पवार नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव


राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार लोकसभा चुनाव २०१९ नहीं लड़ेंगे।

नई दिल्ली: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि उनकी पार्टी चाहती है कि वह माढ़ा से चुनाव लड़ें, लेकिन शरद पवार और उनका परिवार चुनाव लड़ना नहीं चाहता है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगा कि मेरे परिवार के दो सदस्य इस बार चुनाव लड़ रहे हैं इसलिए मुझे चुनाव न लड़ने का फैसला लेने का यह सही समय लगा। उन्होंने कहा कि मैं पहले ही १४ बार चुनाव लड़ चुका हूं।' महाराष्ट्र के सबसे कद्दावर नेताओं में शुमार शरद पवार फिलहाल महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद हैं। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार पिछली यूपीए सरकार में कृषि मंत्रालय के साथ-साथ उपभोक्ता, खाद्य एवं पीडीएस मंत्री भी रह चुके हैं।

BJP पर बोला हमला

बता दें कि इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) के साथ छेड़छाड़ के आरोपों के बीच शरद पवार ने अपनी पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से मतदान वाले दिन ईवीएम दिखाए जाते समय चौकन्ना रहने को कहा है। अनेक विपक्षी दल आरोप लगाते रहे हैं कि ईवीएम के साथ छेड़छाड़ हो सकती है। पवार ने महाराष्ट्र के बीड जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को वीडियो-कान्फ्रेंसिंग से संबोधित करते हुए कहा था, 'भाजपा पर भरोसा नहीं किया जा सकता। मतदान वाले दिन आप सुबह मतदान केंद्रों पर जाएं और देखें कि मतदान सही तरीके से हो रहा है या नहीं।'

बता दें कि इससे पहले बिहार में बीजेपी की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख रामविलास पासवान ने भी इस साल चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, '५० साल बाद मैं अब अंतत: चुनाव नहीं लड़ूंगा।' पासवान हाजीपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। बिहार की ४० सीटों में से ६ पर लोजपा चुनाव लड़ेगी और पासवान संभवत: राज्यसभा जाएंगे। ऐसे में हाजीपुर से चुनाव कौन लड़ेगा उसपर पासवान का कहना है कि 'हाजीपुर लोकसभा सीट पर मेरा उत्तराधिकारी कौन होगा ये पार्टी तय करेगी।

बता दें कि लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इस बार कुल सात चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। पहला चरण ११ अप्रैल को जबकि अंतिम चरण १९ मई को होगा। वोटों की गिनती २३ मई को होगी।

चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा कर दी है। इस बार ७ चरणों में लोकसभा चुनाव होंगे और २३ मई को नतीजे आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव तिथियों की घोषणा करते हुए कहा कि सभी एजेंसियों से राय ली। चुनाव खर्चे पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। त्योहारों का ध्यान रखा गया। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में ९० करोड़ लोग वोट डालेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि हम चुनाव के लिए काफी पहले से ही तैयारी कर रहे थे। सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के चुनाव आयुक्त से बात की। उन्हें तैयारी करने के लिए कह दिया गया था। लॉ एंड ऑर्डर की सिचुएशन भी जांची गई। यह सब करने के बाद ही आज हम चुनाव की घोषणा करने की स्थित में हैं।