2 लड़कों के बीच झगड़े की वजह बनी एक लड़की, एक ने दूसरे को उतार दिया मौत के घाट

नई दिल्ली : गर्लफ्रेंड के चक्कर में एक लड़के ने दूसरे लड़के की हत्या कर दी। मामला शुक्रवार की रात दिल्ली के आनंद परबत इलाके का है। आरोपी लड़के की हत्या करने के बाद चाकू वहीं पास में फेंककर भाग गया। सूचना मिलने पर नाबालिग को उसी इलाके से वारदात के कुछ घंटो के बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल आरोपी की एक्स गर्लफ्रेंड से उस लड़के को प्यार हो गया था और यही बात आरोपी को नागवार गुजरी जिसके बाद उसने ये खतरनाक कदम उठा लिया।

जानकारी के मुताबिक उन दोनों के बीच पिछले काफी समय से लड़ाई चल रही थी। घटना वाले दिन आरोपी ने झगड़ा सुलझाने का कहकर पहले लड़के को मिलने के लिए अपने पास बुलाया। जब लड़का आरोपी के पास पहुंचा तो उसने चाकू से दर्जनों बार उस पर वार किया जिसके बाद उसने अस्पताल पहुंचाए जाने पर अपना दम तोड़ दिया। 

जानकारी के मुताबिक जब घायल ने मदद के लिए गुहार लगाई तो स्थानीय लोग उसकी मदद के लिए दौड़े तब तक हत्यारोपी वहां से भाग चुका था हालांकि कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। पीड़ित को घायलावस्था में अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

डीसीपी मंदीप सिंह रंधावा ने कहा कि आरोपी के खिलाफ हत्या और षड़यंत्रकारी साजिश रचने का केस दर्ज कर उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला गर्लफ्रेंड को लेकर था। दरअसल मृतक आरोपी की एक्स गर्लफ्रेंड से बात किया करता था जो उसे नागवार गुजरी फिर उसने उसकी हत्या करने का मन बना लिया। पिछले सप्ताह जब आरोपी ने उस लड़की से बात की तो उसने बताया कि वह उससे (मृतक) प्यार करती है और अब वह उससे (आरोपी) बात नहीं करना चाहती है। हत्या से पहले आरोपी ने लड़के को लड़की से दूर रहने की भी चेतावनी दी थी लेकिन बात आगे बढ़ जाने पर उसने इस अपराध को अंजाम दिया।