कुबेर निकला आईआरएस अफसर मीणा, छापों में सामने आई 300 करोड़ की संपत्ति
जयपुर । राजस्थान के जयपुर में गणतंत्र दिवस पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा घूस लेते पकड़े गए नारकोटिक्स विभाग के डिप्टी कमिश्नर सहीराम मीणा की संपत्तियों का खुलासा हैरानी में डालने वाला है। उनके विभिन्न ठिकानों पर डाले गए छापों में कैश, ज्वेलरी समेत 300 करोड़ की संपत्ति बरामद की गई है। मीणा ने जीएसटी पर 'नीड ऑफ टैक्स रिफॉर्म्स इन इंडिया' नाम से एक किताब लिखी है। मीणा की किताब ऑनलाइन बिक रही है। एसीबी ने मीणा के आवास, ऑफिस और अन्य ठिकानों पर छापा मारकर 300 करोड़ रुपए की संपत्ति और नकदी बरामद की है। मीणा के बारे में पता चला है कि वह अगले दिनों में भाजपा या कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ना चाहता था।
छापे के दौरान पुलिस को ऐसे पत्र मिले हैं, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि वह बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के कट्टर समर्थक रहे हैं। मीणा का एक अन्य पत्र भी सामने आया है, जो संभवत: कांग्रेस के लिए था। इसमें उन्होंने दावा किया था कि उनका धर्मनिरपेक्षता में दृढ़ विश्वास है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह पत्र आय से अधिक संपत्ति मामले में बहुत प्रासंगिक नहीं हैं, लेकिन मीणा से इस संबंध में पूछताछ की जाएगी कि क्या उन्होंने दोनों पार्टियों के अध्यक्षों को पत्र लिखा था।
