ब्यूटी पार्लर से तैयार होकर निकली थी दुल्हन, बदमाशों ने किया अगवा
बठिंडा : पंजाब के बठिंडा में कुछ बदमाशों ने शादी से महज कुछ घंटे पहले एक युवती को अगवा कर लिया। वह शादी के लिए तैयार होने ब्यूटी पार्लर गई थी, जिसके बाहर से उसे अगवा कर लिया गया। युवती तैयार होने के बाद जैसे ही पार्लर से बाहर निकली, वहां पहले से ही मौजूद दो लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और अपने साथ लेकर चले गए। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
युवती फजिल्का जिले के इस्लामाबाद कस्बे के करीब पाली वाला गांव की रहने वाली बताई जा रही है, जिसे उसकी शादी वाले दिन ही ब्यूटी पार्लर के सामने से अगवा कर लिया गया। यह घटना CCTV में कैद हो गई। वीडियो में दो लोग पार्लर के बाहर लड़की के आने की प्रतीक्षा करते दिख रहे हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि जैसे ही वह बाहर निकली, पहले से ही वहां मौजूद दो लोगों ने खींचकर उसे कार में बिठा लिया।
वीडियो में लड़की खुद को बचाने की कोशिश करती दिख रही है, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। लड़की के परिवारवालों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अपनी शिकायत में उन्होंने जलालाबाद के तलविंदर सिंह और हैडवंडर सिंह को नामजद किया है। बताया जाता है कि अपहरण के आरोपी लड़की को पहले से जानते थे। हालांकि इस घटना के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी की कोशिशों में जुटी है।
