क्या मुंबई में हैं लाखों जाली वोटर, मुंबई कांग्रेस प्रमुख संजय निरूपम का आरोप
मुंबई: मुंबई कांग्रेस प्रमुख संजय निरूपम ने बुधवार को आरोप लगाया कि मुंबई और महाराष्ट्र में लाखों जाली मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा, 'कई (वास्तविक) मतदाता हैं, जिनका दावा है कि उन्हें अपना वोटर पहचान पत्र नहीं मिला है। या तो ये कांग्रेस के मतदाता हैं या फिर वे अल्पसंख्यक समुदाय के लोग हैं।' कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मगाठाणे विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने 638 मतदाता पहचान पत्र की पड़ताल की, इसमें केवल 182 वास्तविक मतदाता थे। दिंढोसी निर्वाचन क्षेत्र में 552 मतदाता पहचान पत्र की जांच की तो इसमें केवल 290 ही असली थे।
उन्होंने आरोप लगाया, 'हर विधानसभा क्षेत्र में 15000 से 20000 जाली मतदाता पंजीकृत हैं। हर संसदीय क्षेत्र में ऐसे जाली मतदाताओं की संख्या सवा लाख से डेढ़ लाख तक है।'
निरूपम का दावा है कि 6 लोकसभा सीटों वाली मुंबई में बड़ी तादाद में फर्जी वोटर्स के नाम शामिल हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि एक ही चुनावी क्षेत्र में एक ही व्यक्ति के अलग-अलग चुनावी बूथों में कई सारे वोटर आईडी हैं।'
बताया जा रहा है संजय निरूपम ने कुछ विधानसभा क्षेत्रों में जाकर पड़ताल की है तो ये सब सामने आया है। निरूपम का कहना है कि ये बेहद गंभीर मामला है। उनका आरोप है कि इसके पीछे वोटर माफिया हैं और अधिकारी भी उनसे मिले होते हैं और इसके लिए खासा पैसा लिया जाता है।उनका कहना है कि इस तरह से लोकसभा चुनाव में जाना घातक होगा। इस मामले में उन्होंने कार्रवाई की भी मांग की है। वहीं महाराष्ट्र प्रदेश चुनाव आयोग के मुताबिक यह मामला भारतीय चुनाव आयोग के दायरे में है।
