टेबल नहीं सुना पाया मासूम तो मां के लिव-इन पार्टनर ने इस कदर पीटा कि चली गई जान
नई दिल्ली : पांच साल का मासूम टेबल नहीं सुना पाया, जिसकी वजह से कथित तौर पर उसकी इस कदर पिटाई कर दी गई कि उसकी जान चली गई। मासूम को जानलेवा तरीके से पीटने वाला शख्स उसकी मां का लिव-इन पार्टनर बताया जा रहा है। पुलिस ने इस सिलसिले में बच्चे के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बच्चे की मां से पूछताछ कर रही है।घटना राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके के पास समालखा गांव की बताई जा रही है, जहां 10 जनवरी को कथित तौर पर बच्चे की मां के लिव-इन पार्टनर ने टेबल नहीं सुनाने पर उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। इस दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन बाद ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की मां निजी स्कूल में टीचर है और घटना के वक्त वह घर में मौजूद नहीं थी। हालांकि दोनों ने इस मामले में सच्चाई छिपाने की कोशिश की।पुलिस का कहना है कि शुरुआत में बच्चे की मां ने यह कहकर वारदात को छिपाने की कोशिश की कि वह लड्डू खाने के बाद बीमार हो गया था और इसी दौरान बाथरूम में गिर जाने के कारण उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई। हालांकि बच्चे की ऑटोप्सी रिपोर्ट आने के बाद उनके दावे झूठे साबित हुए, जिसमें उसके सिर में गंभीर चोट और पिटाई का खुलासा भी हुआ।
बच्चा जब अस्पताल में भर्ती था, तब मां ने उसके पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी थी, जिसके बाद उन्होंने इस सिलसिले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में महिला के लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि उनके बेटे ने कई बार उनसे कहा था कि मां का पार्टनर अक्सर उसकी पिटाई करता है, पर तब उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया था।
महिला के किन्हीं कारणों से पति के साथ संबंध ठीक नहीं थे, जिसके कारण वह अप्रैल 2018 से ही उनसे अलग रह रही है। बताया जाता है कि पति का घर छोड़कर वह अपने लिव-इन पार्टनर के साथ समालखा गांव में किराये के एक घर में रह रही थी।
