सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली के कोच रमाकांत अचरेकर का निधन, 87 की उम्र में ली अंतिम सांस
मुंबई: मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बचपन के गुरु रमाकांत आचेरकर (Ramakant Achrekar) का बुधवार को निधन हो गया. उन्होंने आज शाम को आखिरी सांस ली. 87 साल के रमाकांत आचेरकर लंबे समय से बीमार चल रहे थे. आचेरकर सचिन तेंदुलकर के अलावा विनोद कांबली और प्रवीण आमरे के भी गुरु थे. मुंबई स्थित शिवाजी पार्क मैदान पर उन्होंने सैकड़ों युवाओं को क्रिकेट का ककहरा सिखाया था.
क्रिकेट में योगदान के लिए पद्मश्री और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. रमाकांत आचरेकर की सीख की बदौलत ही सचिन तेंडुलकर ने क्रिकेट जगत में इतना नाम कमाया. इसके साथ विनोद कांबली, समीर दीघे, प्रवीण आमरे, चंद्रकांत पंडित और बलविंदर सिंह संधू जैसे क्रिकेटरों का भी खेल निखारा.कई मौके पर सचिन तेंदुलकर ने खुद स्वीकारा था कि रमाकांत अचरेकर की ही कोचिंग के कारण ही वे क्रिकेट में इतना बड़ा मुकाम हासिल कर पाए है. क्रिकेट के 'भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर अक्सर अपने गुरु से मिलने के लिए जाया करते थे.तेंदुलकर ने पिछले साल एक कार्यक्रम में अपने कैरियर में आचरेकर के योगदान के बारे में कहा था,‘‘ सर मुझे कभी ‘वेल प्लेड’ नहीं कहते थे लेकिन मुझे पता चल जाता था जब मैं मैदान पर अच्छा खेलता था तो सर मुझे भेलपुरी या पानीपुरी खिलाते थे.’’
