नर्सिंग होम में चल रहा था मानव तस्करी का खेल, 5 अरेस्ट
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक निजी नर्सिंग होम में 11 दिन की बच्ची की तस्करी में शामिल होने के आरोप में नर्सिंग होम के मालिक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि शनिवार को गिरफ्तार किए गए इन लोगों में एक दंपति भी शामिल है, जिन्होंने नवजात बच्ची को 60 हजार रुपये में कथित तौर पर खरीदा है। मामला उस वक्त सामने आया, जब यह दंपति बीमार नवजात बच्ची को ले कर हाबरा अस्पताल पहुंचा। लेकिन यह दंपति बच्ची के जन्म से जुड़े कागजात अस्पताल में पेश नहीं कर पाया। इस पर अस्पताल के अधिकारियों को कुछ संदेह हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तब कथित मानव तस्करी का पता चला। फिलहाल बच्ची के वास्तविक माता-पिता के बारे में पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने नर्सिंग होम को सील करने के लिए स्थानीय अदालत से अनुमति मांगी है। अदालत ने इनमें से दो लोगों को आठ दिन की पुलिस हिरासत और शेष को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
