सस्पेस खत्म कमलनाथ होंगे मध्यप्रदेश के अगले मुख्यमंत्री, कांग्रेस ने ट्वीट कर की घोषणा
नई दिल्ली: मध्यप्रदेश में कौन बनेगा मुख्यमंत्री ) इसे लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है. कमलनाथ मध्यप्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे. कांग्रेस ने ट्वीट कर कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनने की बधाई दी. बता दें कि दिल्ली में राहुल गांधी के घर हुई मैराथन बैठक के बाद कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं. बता दें कि इन दोनों नेताओं के बीच ही मुख्यमंत्री पद की रेस थी. दोनों ही लोकप्रिय नेता हैं और अपनी अलग पहचान रखते हैं. कमलनाथ मध्यप्रदेश के कांग्रेस प्रमुख हैं, तो सिंधिया प्रचार कमेटी के प्रमुख रहे हैं. कमलनाथ की पहचान एक अनुभवी वार्ताकार की रही है, लेकिन सिंधिया मध्यप्रदेश में ज्यादा लोकप्रिय चेहरा रहे हैं. कमलनाथ को दिग्विजय सिंह का भी समर्थन हासिल है तो वहीं, सिंधिया की वजह से कांग्रेस को ग्वालियर, चंबल संभाग में बड़ी जीत मिली है, जिसका उन्होंने दावा भी किया है. इससे पहले बैठक के बाद राहुल के घर से जाते समय कमलनाथ ने कहा कि सीएम पद पर फैसला भोपाल में होगा. इसके अलावा वह कुछ भी कहने से बचे. वहीं जब ज्योतिरादित्य सिंधिया राहुल के घर से बाहर आए तो उन्होंने कहा, 'सीएम पद के लिए कोई रेस नहीं है. भोपाल में बैठक के बाद सीएम के नाम का ऐलान किया जाएगा.' सिंधिया ने कहा कि कुर्सी के लिए कोई दौड़ नहीं है और सभी नेता मध्य प्रदेश की जनता की सेवा के लिए हैं.इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दोनों प्रबल दावेदारों कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि 'धैर्य और समय दो सबसे शक्तिशाली योद्धा' होते हैं. राहुल गांधी ने यह तस्वीर ट्विटर पर उस वक्त शेयर की है जब मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री को लेकर संशय बना हुआ है. कांग्रेस अध्यक्ष ने दोनों के साथ अपनी तस्वीर शेयर की और महान दार्शनिक लियो टॉलस्टॉय को उद्धत करते हुए कहा, 'धैय और समय दो सबसे शक्तिशाली योद्धा हैं.'
