छात्रा से शराबी ने की शर्मनाक हरकत
सपनों के शहर मुंबई में इन दिनों महिलाओं को इन दिनों असुरक्षा का अहसास हो रहा है। आईआईटी में पढ़ने वाली एक छात्रा ने एक शख्स पर नशे की हालत में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। यह घटना पोवई कैंपस के गेट के पास घटी। छात्रा ने पुलिस में इस बारे में शिकायत दर्ज कराई और कहा कि आरोपी शख्स ने अभद्र भाषा और गलत तरीके से छूकर उसका यौन उत्पीड़न किया। पोवई पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
दैनिक मजदूरी करने वाले 25 वर्षीय सुरेश बूरिया ने उस समय आईआईटी की 21 वर्षीय छात्रा को गलत तरीके से छूने की कोशिश की जब वह सड़क से गुजर रही थी। यह घटना रात 11.30 बजे घटी जब छात्रा मुंबई के आईआईटी कैंपस में रात का खाना खाकर वापस लौट रही थी। छेड़छाड़ के बाद छात्रा ने शोर मचाना शुरु कर दिया और उसकी आवाज सुनकर अन्य छात्र मौके पर छात्रा की मदद के लिए पहुंच गए। छात्रों ने आरोपी को आईआईटी के गार्ड्स के हवाले किया और इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।शिकायत दर्ज कराने से कतराई छात्रा
रिपोर्ट्स के अनुसार छात्रा किसी दूसरे राज्य से आती है और वह आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराने से हिचक रही है। पुलिस ने खुद छात्रा से आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराने को लेकर संपर्क किया था। पुलिस ने छात्रा से कहा कि अगर उसने आरोपी के खिलाफ शिकायत नहीं की तो उसे छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद छात्रा मामला दर्ज कराने को लेकर सहमत हुई और पुलिस ने धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
