गुजरात: साधु पर लगा 15 साल की लड़की से रेप का आरोप
राजकोट: गुजरात के बोटाद में एक साधु पर रेप का आरोप लगा है। मामला जिले के बारवाला तालुका का है, जहां स्वामीनारायण पंथ के एक साधु को बुधवार को पुलिस ने रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है। साधु पर 15 साल की नाबालिग लड़की से रेप का आरोप लगा है। आरोपी का नाम रुषि प्रसाद दासजी बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि 47 साल के आरोपी ने लड़की के साथ कई मौकों पर कथित बलात्कार किया है। पीड़िता आरोपी के घर पर तीन महीने पहले घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने गई थी। बारवाला पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कई मौकों पर लड़की के साथ बलात्कार किया है। यौन उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़िता ने नौकरी छोड़ी दी, लेकिन आरोपी नहीं माना। पुलिस ने बताया कि नौकरी छोड़ने के बाद भी आरोपी दासजी पीड़ित लड़की का पीछा करता रहता था। मंगलवार को भी उसने लड़की का पीछा किया और उसे वापस काम पर आने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक लड़की ने उत्पीड़न से परेशान होकर अपनी आपबीती अपने माता पिता को सुनाई, जिसके बाद वे पुलिस स्टेशन आए और दासजी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी साधु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 साल पहले उसे एक प्रतिष्ठित स्वामीनारायण गडी से निकाला गया था। जिसके बाद वह रोगिड गांव चला आया। यहां उसने श्री स्वामीनाराण आश्रम, श्री छापीयापुरम ट्रस्ट के नाम से अपना खुद का एक आश्रम बनाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ितो को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आरोपी दासजी का भी मेडिकल कराया जा रहा है।
