PAK आर्मी चीफ बाजवा से बोले अमरिंदर सिंह- मैं भी पंजाबी हूं, आतंकियों को घुसने नहीं देंगे

गुरदासपुर: पंजाब के गुरदासपुर में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण की आधारशिला रखी। अमरिंदर सिंह ने करतारपुर गलियारे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान का शुक्रिया अदा किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब में आतंकी हमलों और भारतीय सैनिकों के शहीद होने का हवाला देते हुए पाकिस्तान के सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा पर निशाना साधा। 

उन्होंने कहा, 'मैं एक सैनिक के रूप में पाकिस्तान आर्मी चीफ कमर बाजवा से कुछ पूछना चाहता हूं। कौन सी सेना युद्धविराम का उल्लंघन करने और दूसरी तरफ के जवानों को मारना सिखाती है? पठानकोट और अमृतसर पर हमला करने के लिए कौन सी सेना लोग भेजती है? यह कायरता है।' कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि मैं आपको चेतावनी दे रहा हूं (पाकिस्तान सेना प्रमुख कमर बाजवा), हम भी पंजाबी हैं, आपको यहां प्रवेश करने और माहौल को खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।इस मौके पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी कहा, 'मुझे यह कहना होगा कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने जो कहा कि हम आतंकवाद को अनुमति नहीं दे सकते हैं और निर्दोषों को मरने नहीं दे सकते। यह मदद नहीं करेगा, यह रास्ता नहीं है। यह समझा जाना चाहिए। यही कारण है कि इसकी (करतारपुर कॉरिडोर) शुरुआत हो।' अमरिंदर सिंह ने करतारपुर गलियारा के शिलान्यास समारोह में शामिल होने के लिए पाकिस्तान का न्योता रविवार को अस्वीकार कर दिया था, जबकि उनके मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने खुशी-खुशी यह अनुरोध स्वीकार कर लिया। उन्होंने अपने राज्य में होने वाले आतंकी हमलों और पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा भारतीय सैनिकों की हत्या किए जाने को इसकी वजह बताया।सिंह ने कहा, 'पहला, यह कि ऐसा कोई दिन नहीं गुजरता जब जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सैनिक मारे नहीं जाते या घायल नहीं होते। हालात समान्य होने के बजाय इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।' उन्होंने कहा कि वहीं दूसरा, यह कि पाकिस्तान की आईएसआई ने पंजाब में अपनी नापाक हरकतें शुरू कर दी हैं।