उत्तराखंड नगर निकाय चुनावों में बीजेपी ने 7 में से 5 मेयर पदों पर किया कब्जा
देहरादून : उत्तराखंड में नगर निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ बीजेपी ने मुख्य विपक्षी कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए राजधानी देहरादून के मेयर पद सहित 34 निकायों के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशियों ने चौंकाने वाला प्रदर्शन करते हुए 23 निकाय अध्यक्ष पदों पर कब्जा कर दोनों प्रमुख दलों को स्तब्ध कर दिया है। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय से मिले परिणामों के अनुसार, प्रदेश के सात नगर निगमों के मेयर पदों में से पांच पर बीजेपी ने कब्जा कर लिया जबकि दो अन्य पर बाजी कांग्रेस के हाथ लगी।
देहरादून नगर निगम के मेयर पद पर बीजेपी प्रत्याशी और मुख्यमंत्री के बेहद करीबी सुनील उनियाल गामा ने कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को 35,000 से ज्यादा मतों से पराजित किया। मेयर पद पर जीतने वाले बीजेपी के अन्य प्रत्याशी अनीता ममगाई (ऋषिकेश), उषा चौधरी (काशीपुर), रामपाल सिंह (रूद्रपुर) और जोगेंद्र रौतेला (हल्द्वानी) रहे। दो नगर निगमों में मेयर कांग्रेस के चुने गए जहां कोटद्वार और हरिद्वार में क्रमश: हेमलता नेगी और अनीता शर्मा ने जीत हासिल की।
