वसंत कुंज डबल मर्डर : सरेंडर करने थाने पहुंचा आरोपी, बताई हत्‍या की वजह


नई दिल्‍ली : देश की राजधानी के पॉश इलाके वसंत कुंज में महिला फैशन डिजाइनर माला लखानी और उनके नौकर की हत्‍या के मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने वाले मुख्‍य आरोपी राहुल का लखानी से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर उनके बीच कुछ दिनों पहले झगड़ा भी हुआ था, जिसके बाद उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्‍या की साजिश रची और बुधवार देर रात अपने इरादों को अंजाम भी दे डाला। इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद वे खुद ही सरेंडर करने पुलिस स्‍टेशन पहुंच गए।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 2:45 बजे 3 लोग पुलिस स्‍टेशन पहुंचे और मर्डर के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस निशानदेही के लिए तुरंत मौके पर पहुंची, जहां उन्‍हें घर की मालकिन माला लखानी (53) और उनके नौकर बहादुर (50) का शव खून से लथपथ मिला। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस वारदात का मुख्‍य आरोपी राहुल माना जा रहा है, जो लखानी के वर्क शॉप में काम करता था। लखानी ने अपने घर के एक हिस्‍से में ही वर्क शॉप बनाया था, जहां वह दर्जी की हैसियत से काम करता था।पुलिस सूत्रों के अनुसार, लखानी के वर्कशॉप में राहुल पुराना टेलर था। हालांकि पैसों को लेकर उसका लखानी से विवाद चल रहा था। कुछ दिनों पहले भी दोनों के बीच इसे लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद राहुल ने अपने दो दोस्‍तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम देने की साजिश की।बताया जाता है कि वे 10 दिनों से इसकी योजना बना रहे थे और उसने इसके लिए बाजार से चाकू भी खरीदा था। वे बुधवार को जब लखानी के घर में दाखिल हुए तो उनका इरादा लूटपाट था और विरोध किए जाने पर उन्‍होंने लखानी व उनके नौकर दोनों की हत्‍या कर दी।

बताया जाता है कि राहुल कपड़ों का डिजाइन दिखाने के बहाने लखानी से मिलने पहुंचा। इसके बाद उसने अपने दो साथियों- रहमत और वसीम के साथ मिलकर उन्‍हें चाकू से गोद डाला। इस बीच, चीख-पुकार सुनकर जब नौकर बहादुर उन्‍हें बचाने आया तो उन लोगों ने उन्‍हें भी मार डाला। इसके बाद वे वहां से कीमती सामान समेटकर भाग निकले। वे लखानी की कार लेकर ही घटनास्‍थल से फरार हुए, लेकिन जब उन्‍हें इस घटना में फंसने का अंदेशा हुआ तो वे खुद ही पुलिस स्‍टेशन पहुंचे और सरेंडर कर दिया।